परसदेपुर रायबरेली : गाली गलौज के साथ आरोपी ने दी धमकी, वीडियो वायरल
परसदेपुर चौकी क्षेत्र के कनकपुर गांव स्थित मंदिर से घंटा चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी की घटना के बाद कथित आरोपी द्वारा ग्रामीणों से गाली-गलौज किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को मंदिर में घंटा नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी किया गया घंटा धरई चौराहा स्थित एक निजी दुकान पर बेचने का प्रयास किया गया, लेकिन दुकानदार ने उसे लेने से इनकार कर दिया।ग्रामीणों ने कनकपुर निवासी भानु सरोज व उसके साथी सरवन शुक्ला पर घंटा चोरी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि भानु सरोज ने कथित रूप से चोरी की बात स्वीकार करते हुए लोगों से गाली-गलौज की। इसी घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर से पहले भी कई बार घंटे चोरी हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

