लालगंज रायबरेली: चालकों में दहशत, सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
लखनऊ-फतेहपुर हाईवे पर पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों और क्लीनरों को नशीला स्प्रे सुंघाकर बेहोश करने के बाद बदमाश लाखों रुपये के सामान व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना से हाईवे पर ट्रक चालकों में दहशत का माहौल है।घटना लालगंज कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-फतेहपुर हाईवे पर स्थित ज्ञानू ढाबा के पास की है। जानकारी के अनुसार हाईवे किनारे अलग-अलग स्थानों पर कई ट्रक खड़े थे। चालक और क्लीनर रात में ट्रकों के अंदर आराम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से ट्रकों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने ट्रकों में सो रहे चालकों और क्लीनरों को नशीला स्प्रे सुंघाया। बेहोश होने के बाद बदमाशों ने ट्रकों में रखे नकद रुपये और सामान लूट लिया। करीब आधा दर्जन ट्रकों में लूट की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।घटना के बाद पीड़ित चालकों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई बताई जा रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।हाईवे पर पुलिस की नियमित गश्त के दावों के बावजूद बदमाशों द्वारा इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। ट्रक चालकों ने हाईवे पर गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


