परसदेपुर रायबरेली : मिशन शक्ति के तहत छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
कस्बे के ज्ञान भारती इंटर कॉलेज, परशदेपुर में बुधवार को चौकी इंचार्ज मोहित कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में साइबर अपराध जागरूकता एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।चौकी इंचार्ज मोहित कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को बताया कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने बताया कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा संबंधित पोर्टल पर भी सूचना दें।कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकार,आत्मरक्षा,हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 112 और 181 सहित विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना डर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराध से बचाव और महिला सम्मान की शपथ लेते हुए जागरूक नागरिक बनने का संकल्प लिया।




