परसदेपुर रायबरेली : एडिशनल एसपी आलोक सिंह ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज,चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से परसदेपुर कस्बे में एडिशनल एसपी आलोक सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज एवं परसदेपुर चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज भी मौजूद रहे।अंसार चौक चौराहे से शुरू हुआ फ्लैग मार्च कस्बे के प्रमुख मार्गों,बाजारों और विभिन्न मोहल्लों से गुजरते हुए इमामबाड़े पहुंचा। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा मोहर्रम पर्व को लेकर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना रहा। इमामबाड़े में एडिशनल एसपी आलोक सिंह ने मोहर्रम आयोजकों और स्थानीय लोगों से वार्ता की। उन्होंने शासन के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।एडिशनल एसपी ने मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान डीह थानाध्यक्ष जितेंद्र मोहन सरोज और चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस प्रशासन की इस पहल को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

