परसदेपुर रायबरेली : परसदेपुर में दर्दनाक घटना जहरीला पदार्थ खाने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
नगर पंचायत परसदेपुर के वार्ड नंबर 9 स्थित जिल्ला बाजार में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से 30 वर्षीय अमरीन बानो, पत्नी तुफैल अहमद, की मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अमरीन अपने पीछे दो बेटियों और एक बेटे सहित तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनके सिर से हमेशा के लिए मां का साया उठ गया।परिजनों के अनुसार अमरीन बानो ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल जिले के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर लेकर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की तथा पंचनामा भरने की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी मोहित भारद्वाज ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने की जानकारी मिली है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।हालांकि क्षेत्र में कुछ लोग पारिवारिक विवाद की चर्चा कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। अमरीन बानो की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्चों की आंखों से छलकते आंसू और परिजनों का विलाप हर किसी को भावुक कर रहा है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और लोग ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना कर रहे हैं।

